नारसन ब्लॉक के कई उचित दर विक्रेताओं (राशन डीलरों) ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) और क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त, सचिव को शिकायत भेजी है।
ब्रहमपुर जट्ट के राशन डीलर धर्मेंद्र कुमार समेत उदलहेड़ी के मोहम्मद तालिब, काला, गीता देवी, मांगेराम, बालिंद्र, राजकुमार, अजय कुमार समेत 20 से अधिक राशन डीलरों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की ओर से कथित रूप से अवैध वसूली और कमीशन देने का दबाव बनाया जाता है। मांग पूरी न होने पर कार्रवाई, छापे और प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में आयोजित सरकारी कार्यक्रमों में राशन डीलरों से चाय-पानी और अन्य व्यवस्थाएं कराई जाती है लेकिन भुगतान नहीं किया जाता। डीलरों ने आर्थिक बोझ बढ़ने की बात कहते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा।