नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति के बाद मामला रफा-दफा कर दिया। समझौते के तहत आरोपी पक्ष को चार लाख रुपये पीड़ित पक्ष को देने हैं। वहीं पुलिस मामले में पंचायत होने की पुष्टि करते हुए समझौते की जानकारी से इनकार कर रही है। पुलिस मामले में अब युवती के बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
लक्सर कस्बे के समीप बसे एक गांव में आठ दिन पहले एक नाबालिग युवती से दुष्कर्म होने का मामला सामने आया था। परिजनों ने युवती के रिश्ते के चाचा पर ही दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से आरोपी पक्ष समझौता करने के लिए पीड़ित पक्ष पर दबाव बना रहा था जिसमें पांच दिन पहले गांव में घंटों तक पंचायत भी चली थी। तब पीड़ित पक्ष ने समझौते से इनकार कर दिया था। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति के बाद फैसला हो गया है जिसके तहत आरोपी पक्ष को पीड़ित पक्ष को चार लाख रुपये देने हैं।
एसएसआई जहांगिर अली का कहना है कि गांव में मामले को लेकर पंचायत होने की सूचना मिली थी, लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार के फैसले की सूचना पुलिस के पास नहीं है। जल्द ही मामले में पीड़ित युवती के बयान दर्ज कराए जाएंगे।