फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

..यूपी के भगदड़ से उत्तराखंड फिर संवेदनशील

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। गैंगस्टर विकास दुबे और उसके कई साथियों के एनकाउंटर के बाद यूपी पुलिस के ऑपरेशन क्लीन से अपराधियों में भगदड़ मच गई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि जान बचाने के लिए यूपी के बदमाश उत्तराखंड का रुख कर सकते हैं। ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि, यूपी के बदमाश पहले से ही उत्तराखंड को अपनी शरणस्थली बनाते रहे हैं। पुलिस अधिकारी भी इस बात से इनकार नहीं कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों ने बॉर्डर पर सख्त चेकिंग करने के निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन

कानपुर के गैंगस्टर विकास दुबे का एनकाउंटर कर यूपी पुलिस ने बदमाशों की जमीन खिसका दी है। पड़ोसी जनपदों से मिल रही सूचनाओं के अनुसार, दुबे के एनकाउंटर के साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ऑपरेशन क्लीन की रफ्तार को तेज करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में यूपी के छोटे से बड़े बदमाशों को जान का डर सताने लगा है। वे दूसरे प्रदेशों में शरण लेने या फिर जमानत तुड़वाकर जेल जाने की जुगत में लगे हैं। इस लिहाज से उत्तराखंड भी बदमाशों के मुफीद साबित हो सकता है। खासकर वेस्ट यूपी के बदमाशों के लिए उत्तराखंड सबसे माकूल शरणस्थली रहा है। माना जा रहा है कि बदमाश यूपी पुलिस से बचने को यहां आसानी से शरण ले सकते हैं। इस आशंका को देखते हुए यूपी पुलिस के ऑपरेशन क्लीन से उत्तराखंड पुलिस सतर्क हो गई है। साथ ही चेकिंग शुरू कर दी है।
--
सूबे की जेल में आने की फिराक में बदमाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वेस्ट यूपी के कई बदमाशों के खिलाफ उत्तराखंड में कई मामले दर्ज हैं। ये बदमाश बेल पर बाहर चल रहे हैं, लेकिन अब ऑपरेशन क्लीन के चलते जमानत तुड़वाकर यहां की जेलों में सरकारी मेहमान बनने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वेस्ट यूपी के करीब 25 से 30 ऐसे बदमाश हैं, जिनके खिलाफ यहां आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन

--
राठी समेत कई के लिए महफूज रहा है प्रदेश
यह भी जगजाहिर है कि वेस्ट यूपी के बदमाश सुनील राठी समेत कई के लिए प्रदेश की जेलें महफूज रही हैं। यहां की जेलों में रहकर भी इन्होेंने कई वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, वर्तमान में सुनील राठी तिहाड़ जेल में बंद और उसके कई गुर्गे या तो वेस्ट यूपी और पंजाब की जेलों में बंद हैं या फिर जमानत पर बाहर चल रहे हैं।
--
बदमाशों के उत्तराखंड में शरण लेने की आशंका को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस अलर्ट और एक रणनीति के तहत काम कर रही हैै। बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और चाकचौबंद कर दी गई है। साथ ही वेस्ट यूपी के बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है।
-एसके सिंह, एसपी देहात
--
इनामियों की धरपकड़ को कसी कमर
रुड़की। यूपी के गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद हरिद्वार पुलिस ने भी फरार चल रहे इनामियों को पकड़ने के लिए कमर कस ली है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश मिलते ही अधीनस्थों ने इनामियों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। इनामियों की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस से भी सहयोग मांगा जा रहा है।
पांच लाख के इनामी गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के आग की तपिश उत्तराखंड आ पहुंची है। यूपी पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन शुरू किया तो यहां की पुलिस की भी नींद टूट गई। शनिवार के अंक में अमर उजाला ने भी फरार चल रहे इनामी बदमाशों का मुद्दा उठाया था। अब एसएसपी डी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने पुलिस को इनामी बदमाशों की तलाश के निर्देश दिए हैं। कोतवाल और थानाध्यक्षों को हिदायत दी गई है कि वे अपने यहां के इनामियों को जल्द गिरफ्तार करें। ऐसा न होने पर कार्रवाई भी हो सकती है। निर्देश मिलते ही शनिवार को जिलेभर की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र के इनामियों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने अपने मुखबिर भी अलर्ट कर दिए हैं। पुलिस और मुखबिर इनामियों के करीबियों और परिजनों पर नजर रख रहे हैं। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि इनामियों गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यूपी पुलिस और अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें