रुड़की। जमीन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से दो लोगों ने एक लाख की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके साथियों को चिह्नित कर तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी दूसरे की जमीन के फर्जी कागज तैयार कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव सडोला माजरा निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी मुलाकात दीपक सैनी निवासी गांव मसाई कलां से हुई थी। दीपक सैनी ने बताया था कि बेलड़ा गांव के पास जमीन सस्ते दाम में बिक रही है। उसने नरेश शर्मा निवासी गांव छिद्दरवाला से मुलाकात करवाई थी। बताया था कि नरेश शर्मा जमीन का मालिक है। इसके बाद जमीन का सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ। इस दौरान दोनों लोगों ने एक लाख रुपये एडवांस में ले लिए थे। बाकी की रकम जमीन की रजिस्ट्री के बाद देने की बात हुई।
आठ जुलाई को वह बैनामे के लिए रुड़की तहसील पहुंचे। दोनों ने जमीन के कागज दिखाए तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने मामले की छानबीन की तो पता चला कि जमीन नरेश शर्मा की न होकर बेलड़ा निवासी ब्रह्म सिंह की है। दोनों ने जमीन के फर्जी कागज तैयार करवाए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दोनों को बृहस्पतिवार रात रुड़की के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इनके संपर्क में एक महिला और अन्य लोग भी हैं। इन लोगों का पूरा गिरोह है, जो लोगों को जमीन दिलाने के नाम पर ठगता है। इन लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
--
फर्जी दस्तावेज करते हैं तैयार
पुलिस की जांच में पता चला है कि दीपक सैनी प्रॉपर्टी डीलर की भूूमिका निभाता है और नरेश शर्मा जमीन मालिक की। इनके साथ कई लोग जुड़े हैं। ये किसानों की जमीन के कागज फर्जी तरीके से बनवा लेते हैं और उस पर अपना फोटो लगा देते हैं। जबकि नाम असली जमीन मालिक का ही रहता है। इसके बाद यह लोगों को जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते हैं।