नारसन विकासखंड क्षेत्र के बुडपुर जट्ट गांव में मूसलाधार बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। गांव का हर प्रमुख चौराहा और रास्ता जलमग्न हो चुका है जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। पानी घरों के अंदर तक घुसने के कारण ग्रामीण अपने ही घरों में कैद होने के लिए मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जलभराव की यह समस्या नई नहीं है बल्कि हर बारिश में उन्हें इसी दर्द से गुजरना पड़ता है। इसका मुख्य कारण गांव के तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे हैं। तालाब का दायरा सिमट जाने के कारण बारिश का अतिरिक्त पानी निकलने की कोई जगह नहीं बची है जिससे पूरा गांव तालाब में तब्दील हो जाता है।
बारिश के पानी की निकासी का कोई इंतजाम न होने के कारण ग्रामीणों में शासन और प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई है लेकिन अधिकारी इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन साधे बैठे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जों को हटवाने और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है ताकि उन्हें जलभराव का सामना न करने पड़े।