बारिश से दिनभर बाधित रही बिजली आपूर्ति, समय पर नहीं निपट सके काम
शहर और देहात के कई इलाकों में रुक-रुककर होती रही कटौती
शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट के चलते फीडर बंद, मौसम बदलने से ओवरलोडिंग से मिली राहत
रुड़की। बुधवार तड़के हुई बारिश के बाद शहर और आसपास के देहात क्षेत्रों में दिनभर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों के घरेलू और व्यावसायिक कार्य प्रभावित रहे।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। मंगलवार दोपहर हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव शुरू हुआ और बुधवार सुबह करीब चार बजे फिर तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते रामनगर, आजाद नगर, सुभाष नगर, टोडा कल्याणपुर, पनियाला, खंजरपुर, दुर्गा कॉलोनी समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बिजली कटौती होती रही। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। आटा चक्कियां, वेल्डिंग और सील पैकिंग का काम करने वाले प्रतिष्ठान, इलेक्ट्रिक उपकरण मरम्मत की दुकानें और अन्य छोटे कारोबारियों को परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक बिजली बंद रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण सोलानीपुरम, रामनगर, बिजलीघर नं.6 आदि से जुड़े कुछ फीडरों को सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। फॉल्ट दूर होते ही आपूर्ति सामान्य कर दी गई। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण बिजलीघरों पर ओवरलोडिंग की समस्या भी कम हो गई है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर बनी हुई है। - विवेक राजपूत, अधीक्षण अभियंता