पुलिस को रेसर बाइक चोरी करने वाले मास्टर माइंड को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक रेसर बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी की कुंडली खंगाली तो वह ट्रक लूट और बाइक चोरी में पहले भी जेल जा चुका है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस मंगलवार की शाम सालियर चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच पुलिस को एक युवक रेसर बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर बाइक के कागज मांगे तो वह बहाने बनाने लगा। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि उसके पास जो बाइक है वह चोरी की है। पूछताछ में बताया कि उसने यह बाइक चार फरवरी को बीएसएम चौक के पास से चोरी की थी। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि चोरी की बाइक के साथ अंकित निवासी मानूबांस, भगवानपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला तो पता चला कि वह बहादराबाद क्षेत्र में एक ट्रक लूट व बाइक चोरी में पहले भी जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि युवक से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जो बाइक उसने बीएसएम चौक से चोरी की थी, उसकी कीमत करीब सवा लाख है।