लक्सर। एक महिला ने पूर्व सभासद की पत्नी को नगर पालिका कार्यालय में नौकरी देने पर सवाल उठाए हैं। साथ ही शहरी विकास सचिव से शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है। महिला का आरोप है कि जब नियुक्ति मिली, तब उक्त कर्मचारी के पति सभासद थे। वहीं, पालिका प्रशासन का कहना है कि शासन से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद महिला को नौकरी दी गई।
लक्सर नगर पालिका कार्यालय में वर्ष 2016 में उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) से एक महिला को डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनाती दी गई थी। कुछ दिन पहले शिवपुरी मोहल्ला निवासी रेणू बंसल ने महिला की तैनाती को गलत बताया था। अब उन्होंने शहरी विकास सचिव को शिकायत भेजकर कहा है कि नियमानुसार पालिका चेयरमैन या सभासद के परिजनों को तैनाती नहीं दी जा सकती। रेणू बंसल का आरोप है कि जिस समय महिला की नियुक्ति हुई, उसका पति सभासद था। उन्होंने नियुक्ति को तत्काल निरस्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर, नगर पालिका के ईओ मोहम्मद गौहर हयात का कहना है कि मामला उनके कार्यभार संभालने से पहले का है। डाटा एंट्री ऑपरेटर और टैक्स लिपिक पद पर दो लोगों को चयनित कर उपनल की ओर से भेजे गए थे। वहीं, पूर्व सभासद की पत्नी को नियुक्ति देनेे से पहले आयुक्त शहरी विकास से दिशा निर्देश मांगे गए थे। अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही नियुक्ति की गई।