दो लोगों के बीच मामूली बात को लेकर हो रही मारपीट में बीच बचाव कराना एक युवक को महंगा पड़ गया। युवक की लाइसेंसी पिस्टल को देखकर लोगों को लगा शायद युवक बदमाश है। इस पर लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही कुछ लोगों ने युवक से रिवाल्वर भी छीनने का प्रयास किया।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत शहीद भगत सिंह तिराहे (बीएसएम तिराहा) के समीप स्थित एक सीमेंट की दुकान के सामने एक रिक्शा और बाइक की टक्कर हो गई। इस पर रिक्शा चालक और बाइक सवार में गाली-गलौज शुरू हो गई। यह देखकर एटीएम कंपनी में रुपये डालने की वैन के साथ गनमैन का काम करने वाले युवक हरेंद्र सिंह निवासी ढंडेरा ने उनमें बीच बचाव कराना शुरू कर दिया। हरेंद्र सिंह ने रिवाल्वर लगा रखा था। लोगों ने जब तीनों को आपस में भिड़ते देखा तो लोग एकत्रित हो गए। इसी बीच किसी को युवक का रिवाल्वर दिखाई दे गया।
इस पर उसने शोर मचा दिया कि युवक बदमाश और है वह गोली मारने आया है। यह सुनकर लोगों ने हरेंद्र को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। साथ ही उसकी रिवाल्वर भी छीनने का प्रयास करने लगे। लेकिन कुछ लोगों ने जैसे तैसे हरेंद्र को बचाया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को गंगनहर कोतवाली ले आई है। हालांकि जिस बाइक सवार के साथ मारपीट हो रही थी वह मौका पाकर वहां से भाग गया।