ग्राम प्रधान का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो में ग्राम प्रधान के लिए अपशब्द कहे गए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्राम प्रधान ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कबूलपुर रायघटी गांव निवासी रविंद्र कुमार भिक्कमपुर जीतपुर ग्राम सभा के ग्राम प्रधान हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपी आशू और बबलू निवासी ग्राम रामपुर रायघटी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसमें आरोपियों ने उनके लिए गाली-गलौज करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है।
वीडियो वायरल होने से उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। इसी के लिए 31 अक्तूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर आरोपी विरेंद्र सैनी निवासी रामपुर रायघटी ने भी उनके साथ गाली-गलौज की। इसके अगले दिन एक नवंबर को जब वह अपने खेत में जा रहे थे तो आरोपियों ने रास्ते में रोककर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
इसमें वह चोटिल हो गए। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।