विधानसभा चुनावों में प्रदेश की चार सीटों पर निर्वाचन आयोग पोस्टल वोटों को लेकर नया प्रयोग कर रहा है। पोस्टल वोट आनलाइन मतदाताओं को भेजे जाएंगे और ऑनलाइन ही वापस भेजे जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।
निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसमें एक नया प्रयोग यह भी शामिल है कि पोस्टल मत इस बार सैनिकों को आनलाइन भेजे जाएंगे। इसमें ई-मेल का प्रयोग किया जाएगा। ऐसे सभी मतदाताओं का विवरण जुटाने के साथ ही उनके कार्यालयों के ईमेल आईडी भी जुटाई जा रही है। प्रदेश में इसके लिए चार विधानसभा क्षेत्र चुने गए हैं जिनमें से हरिद्वार जिले की तीन सीटें हरिद्वार नगर, ज्वालापुर और लक्सर और ऊधमसिंहनगर की रुद्रपुर सीट को इलेक्ट्रानिक आनलाइन विधि से पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।
अब तक पोस्टल बैलेट के तहत बैलेट पेपर डाक से भेजकर डाक के द्वारा ही वापस मंगवाया जाता था। इस प्रक्रिया में कई बार मतदान के बाद सर्विस वोटर का वोट मतगणना बाद मिलता था और बेकार चला जाता था। इसके तहत रिटर्निंग आफिसर सर्विस वोटर के पोस्टल बैलेट को सेना के यूनिट रिकार्ड अफसर या विभागाध्यक्ष के लिए अपलोड करेंगे। अधिकारी संबंधित सर्विस वोटर को आनलाइन भेजेगा। इसकी सूचना सर्विस वोटर के मोबाइल पर मैसेज से मिलेगी और वह अपने पिन का प्रयोग करके इसे डाउनलोड कर वोट को पुन: इसे ऑनलाइन भेजेगा। जिले में करीब 2704 पोस्टल मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने बताया कि इस प्रक्रिया को और सरल बनाने के लिए आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।