उलेमाअाें के साथ्ा बैठक करते पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
रुड़की। लंढौरा कस्बे को बवाल की आग में झोंकने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनका नाम-पता बताने वालों को पुलिस इनाम देगी। बताने वाले का नाम पता गुप्त रखा जाएगा। पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान के लिए बवाल की फोटो और वीडियो उपलब्ध कराने की अपील लोगों से की है। इस दिशा में पुलिस को कामयाबी मिलनी भी शुरू हो गई। 10 और बवालियों को चिह्नित कर लिया गया है।
लंढौरा बवाल में अभी तक तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। जबकि एक मुकदमा मंगलौर में हाईवे जाम करने के मामले में दर्ज किया गया है। दुकानदार महबूब की ओर से दर्ज मुकदमे में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के ताऊ कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि चौकी में तोड़फोड़, पथराव और आगजनी के मामले में करीब 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर अभी तक 12 आरोपियों को जेल भेजा गया है। उपद्रवियों की संख्या सैकड़ों में रही है।
उन्हें चिह्नित करने के लिए पुलिस ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। उपद्रवियों का नाम पता बताने वालों को पुलिस इनाम देगी। पुलिस इससे वाकिफ है कि बवाल के दौरान भीड़ में मीडियाकर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने मोबाइल से फोटो और वीडियो क्लीपिंग बनाई है। ऐसे लोगों से फोटो और वीडियो उपलब्ध कराने की अपील भी की जा रही है। तीसरे दिन कुछ फोटो और वीडियो मिलने और गुप्त सूचना के आधार पर 10 और उपद्रवियों को चिह्नित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए चिह्नित किया जा रहा है।
इनका कहना है
लंढौरा में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। माहौल शांत है और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। उपद्रवियों के नाम पते बताने वालों को इनाम दिया जाएगा। उनके नाम पते भी गुप्त रखे जाएंगे। जिस किसी के पास बवाल की फोटो या वीडियो हो, वह पुलिस को उपलब्ध करा सकता है।
संजय गुंज्याल, आईजी गढ़वाल