कानून के रखवाले पुलिस कर्मचारी खुद बिजली चोरी में आगे हैं। हद तो यह है कि नगर कोतवाली क्षेत्र की चार रिपोर्टिंग पुलिस चौकियों पर स्थापना काल से ही बिजली का वैध कनेक्शन नहीं है। इसके बावजूद धड़ल्ले से बारह महीने 24 घंटे बिजली की चोरी की जा रही है। यही नहीं पुलिस के आवासों में रहने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी चोरी की ही बिजली फूंक रहे हैं। यह खुलासा ऊर्जा निगम ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) में दी गई जानकारी से हुआ है।
विद्युत वितरण खंड नगरीय के उपखंड लालजीवाला/भूपतवाला के लोक सूचना अधिकारी/उपखंड अधिकारी अमीचंद ने सूचना का अधिकार में निगम की ओर से बताया कि पुलिस चौकी हर की पौड़ी, पुलिस चौकी रोडी बेलवाला, पुलिस चौकी खड़खड़ी और पुलिस चौकी सप्तऋषि पर वैध बिजली कनेक्शन ही नहीं है। नगर कोतवाली के पास काशीपुरा स्थित पुलिस के क्वार्टरों एवं पुलिस चौकी खड़खड़ी के परिसर में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के आवासीय बहुमंजिला परिसर में भी बिजली का वैध कनेक्शन नहीं है। इसके बावजूद पुलिस वर्षों से चौबीसों घंटे बिजली की चोरी कर रही है। इन रिपोर्टिंग चौकियों और कर्मचारियों तथा अधिकारियों के आवासों पर मुख्य बिजली लाइन से अवैध कनेक्शन के जरिए एसी, कूलर, पंखे, सीसीटीवी कैमरे, हीटर, प्रेस, ब्लोअर, रूम हीटर, फ्रिज, बल्ब आदि चलाए जा रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार इस तरह धर्मनगरी की पुलिस प्रतिमाह लाखों रुपये की बिजली चोरी कर रही है।
बिजली चोरी के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश
विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता एनएस बिष्ट ने प्रथम विभागीय अपीलीय अधिकारी ने 17 अगस्त को सुनवाई के बाद लोक सूचना अधिकारी/उपखंड अधिकारी लालजीवाला/भूपतवाला को बिजली चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।