प्रतिबंध के बावजूद भिक्कमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में धड़ल्ले से खनन का खेल चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ठंड में शाम के समय खनन माफिया गंगा में ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ उतर जाते हैं और पूरी रात खनन का खेल जारी रहता है। मंगलवार की रात पुलिस की ओर से की गई अचानक छापेमारी में बड़ी पैमाने पर अवैध खनन पाया गया। पुलिस ने छह ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया गया है।
मंगलवार रात पुलिस को करीब बारह बजे रामपुर रायघटी के पास बड़ी गंगा में खनन होने की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र सिंह रौतेला और भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी दिलबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि रात में करीब एक दर्जन टैक्टर ट्रालियां खनन कार्य में लगाई गई थीं।
पुलिस टीम को आता देखकर कुछ खनन माफिया ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर भागने में कामयाब हो गए। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर छह ट्रैक्टर ट्रालियों को कब्जे मेें लेकर सीज कर दिया है। भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि अधिकारियों को अवैघ खनन किए जाने की रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।