मंगलौर में नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध के दौरान मौजूद पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया। आरोप है कि बिना अनुमति के प्रदर्शनकारी हाईवे पर मौन प्रदर्शन और सीएए के खिलाफ लोगों को पर्चे बांट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को कुछ युवाओं का एक समूह तिरंगा तथा बैनर लेकर नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हाईवे पर मौन प्रदर्शन करने पहुंच गए। यह लोग रोड के डिवाइडर पर एक कतार बनाकर खड़े हो गए। इन लोगों ने दोनों तरफ से आने जाने वाले वाहनों को रोककर कानून के विरोध में पर्चे बांटना शुरू कर दिया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने लगी। मामले की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी आमिर खान और उपनिरीक्षक बलवंत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी तेज कर दी। पुलिस ने बिना अनुमति हो रहे प्रदर्शन में शामिल लोगों को मौके से खदेड़ा। एहतियातन हाईवे के आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।