रुड़की में 31वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरुकता रैली निकालती एनसीसी कैडेट्स व महि?
- फोटो : ROORKEE
ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को 31वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में रैली निकालकर स्लोगन और नारों को जरिये लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। रैली में एनसीसी कैडेट, ट्रैफिक पुलिस के जवान और सीपीयू के जवान उपस्थित रहे। एनसीसी कैडेट अपने हाथों में ‘कितनी भी कम हो दूरी, हेलमेट पहनना है जरूरी, नशे में वाहन न चलाएं, खुद बचें, दूसरों के बचाएं आदि स्लोगन लिखे तख्तियां लेकर चल रहे थे।
बोट क्लब स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में सुबह 11.15 बजे एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह और सीओ चंदन सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम के नेतृत्व में निकाली गई रैली रोडवेज बस अड्डा, मिलिट्री चौक, गणेशपुर पुल, बीएसएम चौक, रामनगर, रामपुर चुंगी, बीएसएम चौक, चाव मंडी, नेहरू स्टेडियम, नगर निगम, मलकपुर चुंगी, रुड़की टॉकीज होते हुए एसडीएम चौक पर समाप्त हुई। इससे पहले एसपी देहात स्वप्न किशोर ने कहा कि वाहन चलाने में जरा सी गलती किसी व्यक्ति को जिंदगीभर के लिए बेकार कर सकती है, लिहाजा वाहन चलाने में सावधानी बरतनी चाहिए। वाहन की समय-समय पर सर्विस करानी चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सीओ चंदन सिंह ने कहा कि प्रेशर हॉर्न का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने से कई बार युवा दुर्घटना शिकार हो जाते हैं। लिहाजा अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकना चाहिए। यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने वाहनों में रेडियम टेप, रिफ्लेक्टर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान राहगीरों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पंफलेट भी बांटे गए। परिवहन कर अधिकारी द्वितीय भारत भूषण, यातायात उप निरीक्षक योगेश सक्सेना, सीपीयू इंचार्ज मनोहर सिंह, प्रवर्तन निरीक्षक राकेश थपलियाल, संजय तिवारी, नीरज, अमित उपस्थित रहे।