पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नगला कुबड़ा निवासी असद शुक्रवार को किसी काम से झबरेड़ा आए थे। इस बीच वह बाइक खड़ी कर काम से चले गए। कुछ देर बाद वापस आए तो बाइक गायब थी। उन्होंने बाइक की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बाइक चोरी का केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए थे। साथ ही क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि शनिवार को क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश के लिए वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोक लिया और उनसे बाइक के दस्तावेज मांगे लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाए। सख्ती से पूछताछ पर दोनों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवकों ने बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी थी। बताया कि राहुल व रजत निवासी गांव मौलाना, झबरेड़ा को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।