लक्सर कोतवाली में पकड़ा गया ट्रैक्टर-ट्राली चोरी का आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
चोरों ने निहंदपुर गांव में किसान के घेर में खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ली। चोरी की सूचना मिलते ही अगले दिन सुबह पुलिस ने क्षेत्र में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान चंडी घाट के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के निहंदपुर गांव निवासी रिहान अली ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के पास स्थित घेर में खड़ी की थी। बृहस्पतिवार रात किसी समय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई। शुक्रवार सुबह घेर में ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं मिली तो उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद रिहान ने चोरी की सूचना सुल्तानपुर चौकी पुलिस को दी। कंट्रोल रूम से जानकारी फ्लैश होने के बाद पुलिस ने जनपद के सभी बॉर्डरों पर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान हरिद्वार-श्यामपुर मार्ग पर चंडी घाट पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बिजनौर जा रहे एक युवक को शक के आधार पर पुलिस ने रोक लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने चोरी का बात कबूल ली। आरोपी को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित पुलिस लक्सर कोतवाली ले आई। कोतवाल हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी की पहचान तनवीर निवासी बसेड़ी खादर, लक्सर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।