बैंक अधिकारी के घर दिनदहाड़े हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर सात युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
सुभाष नगर निवासी बैंक अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा के घर पर एक सप्ताह पूर्व बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकुओं के बल पर लूटपाट की थी। इस दौरान बैंक अधिकारी की पत्नी भी घायल हो गई थी। बदमाशों ने लाखों रुपये के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी लूट ली थी। घटना को एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन बदमाशों का सुराग अभी तक नहीं लगा है। अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ हो चुकी है। रविवार रात को भी पुलिस ने विभिन्न स्थानों से सात युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। गंगनहर कोतवाली पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। घटना वाले दिन वे कहां थे इस संबंध में भी पुष्टि की जा रही है।
...तो लूट के बाद पनियाला गांव गए थे बदमाश
बैंक अधिकारी के घर हुई लूटपाट के मामले में पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पनियाला गांव पहुंचे थे। जिसके चलते अब पुलिस पनियाला गांव पर अपनी जांच को फोकस कर रही है। पुलिस को यह पता तकनीकी सर्विसलांस के जरिए मिली है। पनियाला गांव से बदमाश कहां गए, इस बाबत पता नहीं चल पा रहा है। बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस पनियाला के ग्रामीणों की मदद से बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। गांव के ऐसे युवकों पर भी पुलिस नजर रख रही है जो आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।