रुड़की में हाइवे किनारे खड़ी कार को क्रेन से उठाकर ले जाती यातायात पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने दस वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा नो पार्किंग में कार खड़ी की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस की कार्रवाई को देखकर कई लोग कार लेकर भाग निकले।
शहर में बाजार से लेकर हाईवे किनारे तक नो पार्किंग में कार और अन्य वाहन पार्क किए जाने से आए दिन जाम लग रहा है। इससे आम जनता से लेकर दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नो पार्किंग में वाहन खड़े होने की यातायात पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर यातायात निरीक्षक अखिलेश कुमार के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को हाईवे पर अभियान चलाया। पुलिस ने रुड़की टॉकीज के पास नो पार्किंग में खड़ी कारों को क्रेन से उठाकर यातायात पुलिस लाइन भिजवाया। साथ ही दस वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से अन्य चालकों में खलबली मच गई और वह अपनी कारें लेकर निकल गए। यातायात निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।