भाई के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रही किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को तीन दिन बाद गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पांच दिसंबर को अपनी नाबालिग बहन के साथ सहारनपुर के एक गांव में बुआ के घर गया था। देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मखियाली खुर्द गांव के पास पहुंचे तो चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया था। आरोपियों ने युवक के सिर पर हमला कर बेहोश कर दिया था। इसके बाद किशोरी को गन्ने के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। कुछ देर बाद युवक होश में आया तो बहन ने आपबीती सुनाई। युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर सूचना दी थी। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने भाई-बहन को अस्पताल पहुंचाया था। मामले में भाई की तहरीर पर पुलिस ने नदीम, अजीम और सरफराज के अलावा एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, पॉक्सो और सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को मुख्य आरोपी अजीम को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।