योजना परवान चढ़ी तो जल्दी ही लक्सर में बैडमिंटन और टेबल टेनिस के खिलाड़ी इंडोर स्टेडियम में खेलों का अभ्यास कर सकेंगे। इसके लिए एसडीएम के एचआरडीए को अवस्थापना विकास निधि से इसका निर्माण कराने को लिखे पत्र पर प्राधिकरण के सचिव और अधिशासी अभियंता ने प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया है।
लक्सर क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए क्षेत्र में अभी तक कोई स्टेडियम नहीं था। इसके चलते क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं गांव के संपर्क मार्गों पर ही अभ्यास करते को मजदूर हैं। इसको देखते हुए पिछले दिनों लक्सर एसडीएम पूरण सिंह राणा ने लक्सर नगर में स्थित केवी इंटर कॉलेज के मैदान को स्टेडियम के तौर पर विकसित करने का अभियान शुरू किया था। उनके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मैदान में मिट्टी भराव, चारदीवारी और सीढ़ियां बनाने के लिए प्राक्कलन तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा एसडीएम ने हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण को अवस्थापना विकास निधि से केवी इंटर कॉलेज के मैदान में बैडमिंटन और टेबल टेनिस के खिलाड़ियों के लिए एक इंडोर स्टेडियम बनवाने के लिए पत्र लिखा था। इस पर शुक्रवार को प्राधिकरण के सचिव सरदार हरवीर सिंह तथा ईई एमएन जोशी लक्सर पहुंचकर एसडीएम से मिले। उन्होंने इंडोर स्टेडियम के लिए प्रस्तावित की गई कॉलेज की भूमि का निरीक्षण किया। एसडीएम पूरण सिह राणा ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने भूमि को उपयुक्त मानते हुए इंडोर स्टेडियम के निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि एचआरडीए क्षेत्र में होने वाले भवन निर्माण से जो राजस्व वसूलता है, उसका कुछ फीसदी हिस्सा उसी क्षेत्र में अवस्थापना विकास के कार्यों पर खर्च किया जाता है। उसी मद से इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।