दुकान पर आई पांच साल की बच्ची से बुजुर्ग ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर लोगों को आते देख वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बुजुर्ग की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश और पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी पांच साल की बच्ची बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे एक पुराने बर्तनों की दुकान पर गई थी। आरोप है कि 60 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार ने उसे बहला फुसलाकर अंदर बुला लिया और गोद में बैठाकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर बच्ची ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। इस बीच बच्ची के परिजन भी मौके पर आ गए। बच्ची ने उन्हें पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश को उसके घर दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। देर रात बच्ची के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि बंदा रोड निवासी आरोपी अबरार के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश और पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।