स्टेट बैंक कालोनी में तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर सीबीआरआई के रिटायर्ड उपनिदेशक और उनकी पत्नी को मारपीट कर बंधक बनाया फिर घर खंगाल ढाई लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट ले गए। बंधनमुक्त होने पर रिटायर्ड उपनिदेशक की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बुजुर्ग पति-पत्नी को एक नर्सिंगहोम पहुंचाया। लेकिन पत्नी की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। घंटों कांबिंग चलाने के बाद पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
सीबीआरआई के रिटायर्ड उपनिदेशक अजय कुमार गुप्ता पूर्वी दीनदयाल स्टेट बैंक कालोनी में रहते हैं। रोजाना की तरह उनकी नौकरानी घर का कामकाज निपटाने के बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे चली गई। अजय कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी अभी दरवाजा भी बंद नहीं कर पाए थे कि नकाबपोश तीन बदमाश घर के अंदर आ धमके। इनमें से एक ने अंदर घुसते ही सबसे पहले पत्नी के सिर पर तमंचे की बट से वार किया। उससे वह बेहोश होकर मौके पर ही गिर पड़ी। उसकी आवाज सुनकर दूसरे कमरे से पहुंचे पति को भी बदमाशों ने बंधक बना लिया।
मारपीट के बाद उसके हाथ-पांव बांध दिए और तिजोरी की चाभी मांगी। नहीं देने पर गले पर चाकू रखकर जान से हाथ धोने की धमकी दी। सहमे पति ने तिजोरी और आलमारी की चाभी बदमाशों के हवाले कर दी। उसके बाद बदमाशों ने करीब एक घंटे घर खंगाला और लगभग ढाई लाख के जेवर और दस हजार रुपये समेटकर चलते बने। जाते-जाते बदमाश घर में रखे तीन मोबाइल भी उठा ले गए। किसी तरह रिटायर्ड उपनिदेशक अजय कुमार गुप्ता ने किसी तरह अपने को बंधनमुक्त किया। साथ ही अपने करीबियों को लैंडलाइन फोन से घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायल पति-पत्नी को पास के एक नर्सिंग होम में भरती कराया। लेकिन पत्नी की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसके बाद पत्नी को हरिद्वार के मेट्रो हास्पिटल में भर्ती कराया। जबकि अजय कुमार गुप्ता का नर्सिंगहोम में ही इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची गंगनहर पुलिस और बीटीगंज चौकी प्रभारी मदन मोहन भट्ट ने मौका मुआयना कर पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही बदमाशों की तलाश में कांबिंग और तलाशी अभियान चलाया लेकिन देर शाम तक बदमाश का सुराग नहीं लग पाया।