पिरान कलियर। कलियर नगर वासियों ने जल संस्थान के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बाद भी अधिकारी पेयजल समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
पिरान कलियर में पिछले चार महीनों से जल संस्थान के ट्यूबवेल खराब होने के कारण नगर में जलापूर्ति नहीं की जा रही है। इससे नगरवासियों व जायरीनों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। जिन लोगों के घरों में पानी का कोई स्रोत नहीं है, वे बाहर हैंडपंप पर कतार में लगकर एक बाल्टी पानी के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हैं, जबकि कुछ स्थानों पर नगर पंचायत की ओर से पानी के टैंकों को भेज कर जलापूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नगर वासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जल संस्थान के ओवरहैंड टैंक पर जाकर जल संस्थान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। जलसंस्थान के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या समाधान नहीं हो पाया। जलसंस्थान के जेई हिमांशु त्यागी का कहना है कि ट्यूबवेल में फिलहाल नई मोटर डाल दी गई है। एक सप्ताह में नया ट्यूबवेल लगा दिया जाएगा। इस मौके पर खालिद साबरी, शमीम अहमद, नौमान त्यागी, महबूब, हुरमत त्यागी, अजीम सिद्दीकी, गुड्डू हाजी, समीर, आजाद, सद्दाम, मोहसिन, सलीम, अरमान और इस्तकार साबरी आदि मौजूद रहे।