क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है। बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही उपभोक्ता गैस एजेंसी की गाड़ियों के इंतजार में सड़कों पर लंबी कतारें लगाकर खड़े नजर आए लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को बिना सिलिंडर के ही लौटना पड़ा।
लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, घाड़ क्षेत्र में गैस एजेंसी ना होने पर हल्लूमाजरा, मानकमजरा, कालसो, बहबलपुर डाडा जलालपुर, डाडा पट्टी हसनपुर के उपभोक्ताओं को 10-10 किलोमीटर चलकर भगवानपुर व रुड़की की गैस एजेंसी से ही रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए आना पड़ता है। होम डिलीवरी का वाहन भी गांव में नहीं पहुंचता है। उनका कहना है कि हम अपना काम-धंधा छोड़कर लाइन में लगने को मजबूर हैं लेकिन गैस की गाड़ी आने का कोई निश्चित समय न होने के कारण सुबह से ही लाइन में लगना पड़ता है।
स्थिति यह है कि दिहाड़ी मजदूर अपनी मजदूरी छोड़कर और नौकरी पेशा लोग छुट्टी लेकर लाइनों में लगने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब गाड़ी आती है, तो सिलिंडर कम होने के कारण आधे से ज्यादा लोगों को खाली हाथ वापस भेज दिया जाता है। लाइन में खड़े लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो उनके सामने चूल्हा न जलने का संकट खड़ा हो जाएगा। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द गैस की हो रही किल्लत को दूर करने की प्रशासन से मांग की है।