बदलता मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। मौसम बदलने के बीच वायरल संक्रमण का प्रकोप बढ़ने लगा है। सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर रोजाना मरीज बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को डॉ़ मशरूफ अली की ओपीडी में 80 से अधिक मरीज इन लक्षणों के साथ उपचार के लिए पहुंचे।
डॉ़ मशरूफ अली ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बदलते मौसम के कारण लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों में बुखार के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश, कमजोरी और बदन दर्द की शिकायत सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि अधिकांश मरीजों में वायरल संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
शुक्रवार को सिविल अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ होने लगी थी। बुखार और खांसी की शिकायत वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से चिकित्सक पर भी मरीजों का दबाव बना रहा। डॉ़ ने बताया कि कई मरीजों का कहना है कि दो से तीन दिन तक बुखार रहने के साथ कमजोरी और शरीर में दर्द बना हुआ है। चिकित्सक ने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। वहीं तेज बुखार या लगातार खांसी-जुकाम की शिकायत होने पर उन्होंने स्वयं दवा न लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराने की सलाह दी है।