कलिंग उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर यात्रियों के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और हंगामे में बदल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक दोनों पक्ष शांत होने को तैयार नहीं हुए और उल्टा पुलिस से उलझ बैठे। इसके बाद पुलिस ने चारों यात्रियों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।
कंट्रोल रूम से मिली सूचना के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे ट्रेन में हरिद्वार से यात्रा कर रहे यात्रियों के बीच सीट को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम रुड़की रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्षों के यात्री पुलिस की बात न सुनने पर और ज्यादा मारपीट पर उतारू हो गए। चौकी प्रभारी सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि कांस्टेबल आशीष, अजय, ममता, आंचल और सरयू ने सत्यम शुक्ला निवासी रीवा मध्य प्रदेश, अनुपम विश और सुनील कुमार निवासी कांठ, मुरादाबाद व विनीत को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।