प्रॉपर्टी डीलर के साथ काम करने वाला पार्टनर लाखों रुपये लेकर परिवार के साथ फरार हो गया। प्रॉपर्टी डीलर ने उसकी आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात पास में रहने वाले एक युवक से हुई थी। उसने बताया था कि घर के पास ही उसका एक प्लॉट खाली है। वह उनके साथ पार्टनरशिप कर प्लॉट बेचना चाहता है। पड़ोसी होने पर प्रॉपर्टी डीलर ने प्लॉट बेचने के साथ ही उसको पार्टनर बना लिया। इस बीच प्रॉपर्टी डीलर ने युवक से प्लॉट पर मकान बनाकर बेचने की बात कही। युवक ने पैसे नहीं होने की बात कही। इस पर प्रॉपर्टी डीलर ने करीब आठ लाख रुपये लगाकर मकान बनवा दिया। इस बीच एक जगह मकान का सौदा तय हो गया। दो दिन पूर्व मकान का बैनामा भी हो गया। मकान खरीदने वाले ने चेक से रकम देने की बात कही। इस पर प्रॉपर्टी डीलर ने युवक के खाते में ही चेक लगाने की बात कही।
मकान खरीदने वाले ने युवक के खाते में चेक लगा दिया। मंगलवार को प्रॉपर्टी डीलर युवक के घर पहुंचा तो ताला बंद था। उसने आसपास जानकारी ली तो पता चला कि वह सोमवार को ही परिवार के साथ सामान लेकर चला गया है। प्रॉपर्टी डीलर ने उसकी बहन के घर पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि वह अपने पैतृक गांव गया है। प्रॉपर्टी डीलर ने बैंक पहुंचकर पूछा तो पता चला कि युवक ने खाते से मकान बिक्री की पूरी रकम निकाल ली है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।