रुड़की। एक महिला को बेटे की शादी का झांसा देकर एक परिवार के छह लोगों ने लाखों की ठगी कर दी, लेकिन अब युवती से शादी कराने से मना कर दिया। महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो इनकार कर दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पाडली गुर्जर गांव निवासी दिलशाना ने बताया कि कुछ माह पूर्व रिश्तेदारी में मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से उनकी जान पहचान हुई थी। उक्त व्यक्ति ने बताया था कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए लड़का देख रहा है। इस पर उन्होंने अपने बेटे की शादी करने की बात कही। इस बीच दोनों में शादी की बात तय हो गई। कुछ दिनों बाद दोनों की सगाई भी हो गई। सगाई में उन्होंने होने वाली दुल्हन को 15 तोला सोना और साढ़े चार लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि सगाई के कुछ दिनों बाद उक्त लोगों ने शादी से इनकार कर दिया। दिलशाना ने अपना सोना व रुपये वापस मांगे तो उन्होंने मना कर दिया। दिलशाना ने बताया कि सोने की कीमत भी करीब पांच लाख रुपये है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवती फराहाना, उसके पिता फुरकान, मां फरीदा समेत शहजाद, हाफिज रियासत, वकील निवासी कस्बा पुरकाजी मुजफ्फरनगर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।