लक्सर/सुल्तानपुर। मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते सोमवार को लक्सर सुल्तानपुर क्षेत्र में दो सड़क हादसों में एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए।
लक्सर गांव निवासी फुरकान पुत्र अब्दुल सकूर बाइक पर सोमवार को हरिद्वार से लौट रहा था। कस्बे मेें सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से फुरकान की बाइक टकरा गई। गंभीर चोट लगने पर 40 वर्षीय फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फुरकान ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। पुलिस का मानना है कि हेलमेट पहना होता तो शायद जान बच सकती थी। लक्सर कोतवाली प्रभारी जयदेव आर्य ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं सुल्तानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के टीकमपुर गांव के नजदीक एक ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी।
जिससे ट्रैक्टर चालक विकास समेत राकेश, सुशील, बलजौर घायल हो गए। साइकिल पर शहद बेच रहा वहाब भी दोनों वाहनों की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। चौकी प्रभारी ध्वज सिंह पंवार ने घायलों को निजी अस्पताल भिजवाते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया।