हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा है।
ग्राम अलावलपुर निवासी इश्कलाल (65) अपने पोते के साथ बाइक से गांव से भगवानपुर जा रहे थे। भगवानपुर थाने के सामने हाईवे पर पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह ट्रक के टायर के नीचे गिरे और पहिया उनके ऊपर से निकल गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इश्कलाल का पोता सुरक्षित है। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम को खुलवाने के साथ ही शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, चालक की तलाश की जा रही है।