कोतवाली क्षेत्र से एक वृद्ध और युवक संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। परिजन ने पुलिस को इसकी सूचना दी। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां गांव निवासी आशू कुमार ने बताया कि उनके पिता प्रीतम सिंह की उम्र करीब 70 वर्ष है। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। 12 फरवरी को प्रीतम सिंह घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं आए। उन्होंने आसपास के क्षेत्र और रिश्तेदारी में उनकी तलाश की लेकिन उनका पता नहीं लग सका।
वहीं, कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी आदिल ने पुलिस को बताया कि उसका भाई आरिफ 16 फरवरी को घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लग सका। इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि वृद्ध और युवक की गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीम को लापता लोगों की तलाश में लगाया गया है।