रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश पर रामपुर रोड पर लगे बाजार को हटाती पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए आज से कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुबह सात से शाम सात बजे तक ओवरलोड वाहन शहर में नहीं आ सकेंगे। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं होगी। इसके अलावा 16 दिसंबर से नगरपालिका क्षेत्र में पुलिस की मदद से अतिक्रमण हटाया जाएगा। वहीं, एसडीएम ने नगरपालिका प्रशासन को वेंडिंग जोन बनाने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में एसडीएम वैभव गुप्ता ने पुलिस, व्यापारियों और नगरपालिका के अधिकारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों की मांग पर एसडीएम ने सुबह सात से शाम सात बजे तक ओवरलोड वाहनों का कस्बे में प्रवेश प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि देहात के टोल केंद्रों से गन्ना ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अधिकतम भार सीमा निर्धारित की जाएगी। एसडीएम ने शुगर मिल से निकलने वाली मैली (प्रेसमड) को ट्रैक्टर-ट्रॉली में ढककर ले जाने के निर्देश दिए। हरिद्वार से लक्सर के बीच चलने वाली मेटाडोर वाहनों को भी एक-एक करके कस्बे में प्रवेश करने की बात कही गई। एसडीएम ने व्यावसायिक कार्यों में लगे कृषि वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और वाहनों पर नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टर लगाकर चलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अव्यवस्थित तरीके से खड़े ई-रिक्शा और रेहड़ियों पर नाराजगी जताई। अधिशासी अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया कि नगरपालिका की ओर से 16 दिसंबर से पुलिस की मदद से सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। वेंडिंग जोन भी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैठक में नायब तहसीलदार रमेश चंद्र रमोला, चीनी मिल से पंकज सक्सेना, बृजेंद्र राठी, जेके टायर से देवाशीष सरकार, श्री सीमेंट से आलोक मोरोलिया, मेन बाजार चौकी प्रभारी प्रेम प्रकाश साहब, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता, राजेंद्र नाथ मेहंदी दत्ता, जसवीर खटाना, अजय वर्मा, मनोज वर्मा, गौरव बिंदल, राजीव प्रजापति मौजूद थे।