भगवानपुर। बेटे को दवाई दिलाने बाइक पर सहारनपुर ले जा रहे हरिद्वार नगर निगम एक कर्मचारी को ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। भगवानपुर इमलीखेड़ा मार्ग पर हुए हादसे में निगमकर्मी राजेश सैनी की मौत हो गई। जबकि बेटा हिमांशु घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
मूलरूप से मानकपुर माजरा झबरेड़ा निवासी राजेश सैनी हरिद्वार नगर निगम में कार्यरत थे। उनके बेटे हिमांशु का सहारनपुर में इलाज चल रहा है। शनिवार को राजेश सैनी ज्वालापुर आर्यनगर स्थित घर से बेटे को दवाई दिलाने सहारनपुर के लिए निकले थे। भगवानपुर इमलीखेड़ा मार्ग पर कलाहटी गांव के पास लकड़ी से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार पिता पुत्र को टक्कर मार दी। ज्यादा खून बहने पर राजेश सैनी की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर भगवानपुर पुलिस ने घायल हिमांशु को 108 एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। शव की शिनाख्त कर परिजनों को खबर कर दी। ज्वालापुर और मानकपुर आदमपुर से परिजन रोते बिलखते रात में सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचे। थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
- कार से बाइक पर खींच लाई मौत
राजेश सैनी के भांजे मयूर सैनी ने बताया कि उनके मामा पहले कार लेकर सहारनपुर जाने वाले थे। लेकिन अचानक ही उन्होंने कार घर पर छोड़ी और बाइक पर सहारनपुर के लिए निकल पड़े। रोता बिलखता परिवार इस घड़ी को कोसता रहा। उनका कहना था कि कार से जाने पर शायद जान बच सकती थी। परिवार में रविवार को एक मांगलिक कार्यक्रम भी है, अचानक मौत होने से खुशियां गम में बदल गई।