एनएचएआई ठेकेदार रामदर्शन सिंह ने भोगपुर गांव निवासी सौरभ कुमार पर शटरिंग का सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। सामान की बाबत पूछने पर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर ठेकेदार को जान से मारने की धमकी दी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मूल रूप से पंजाब के डेराबस्सी निवासी रामदर्शन सिंह ने न्यायालय को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह एनएचएआई में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। वर्ष 2024 में कार्य नहीं होने पर उन्होंने अपना शटरिंग का सामान जिसमें 240 प्लेट, 34 चैनल, 60 पाइप जरेटर, ड्रम, हैमर आदि शामिल हैं। भोगपुर गांव निवासी सौरभ कुमार के कहने पर उसके चाचा के यहां रखवाया था।
इसके लिए प्रतिमाह सात हजार रुपये किराया तय हुआ था। वह सौरभ को हर माह किराया दे रहे थे। 27 जून 2025 को वह जब सौरभ के यहां अपना सामान लेने पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि सौरभ ने 110 प्लेट और 14 चैनल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। उन्होंने इस बाबत उससे बात की तो आरोपी सौरभ ने अपने साथी अमित सैनी निवासी भोगपुर के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को की थी लेकिन पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।