एक ग्रामीण ने पड़ोसी पर नशे की हालत में घर के बाहर फायरिंग करने और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने जान को खतरा जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली के खडंजा कुतुबपुर गांव निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि 19 फरवरी की रात को वह और उनके परिजन घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे उनके घर के बाहर फायर होने की आवाज से उनकी नींद खुली। उन्होंने खिड़की से देखा तो उनका पड़ोसी नशे की हालत में उनके घर के बाहर खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था।
इस दौरान आरोपी ने एक और हवाई फायर किया। गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बीच उसके परिजन वहां आ गए और किसी प्रकार उसे खींचकर वहां से ले गए। ग्रामीण ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर पर घटना की जांच की जा रही है।