मोहल्ला पठानपुरा में एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका का पति फरार है। पुलिस ने बंद मकान से विवाहिता का शव बरामद किया है। मकान दो दिन से बंद बताया जा रहा है। बड़ी बहन ने मोबाइल पर संपर्क न होने पर पुलिस को सूचना दी और सोमवार को बहन मिलने पहुंची। पुलिस भी प्रथम दृष्टया हत्या मान रही है। हत्या की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और सीओ विवेक कुमार मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक जनवरी 2025 को यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा ने रामपुर निवासी जेबा खानम उर्फ मोना से शादी की थी। शादी के बाद दोनों मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा स्थिति नबी कालोनी में रह रहे थे। मृतका की बहन तरन्नुम ने बताया कि दो दिन पहले जेबा खानम ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी हत्या की जा सकती है। वह तभी से बहन और बहनोई से फोन पर संपर्क कर रही थी लेकिन कोई भी फोन नहीं उठा रहा था। सोमवार की शाम को वह मंगलौर पहुंची तो उसे मकान का दरवाजा बंद मिला और आवाज देने पर भी कोई आवाज नहीं आई जिस पर उसे शक हुआ। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्रित हो गई। मकान पर ताला लगा होने से पुलिसकर्मियों ने पास के ही निर्माणाधीन मकान से समीर के घर में दाखिल हुए। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।