क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी परवेज पुत्र रियासत की 21 अगस्त को संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक सितंबर को जिलाधिकारी के निर्देश पर शव को कब्र से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी के साथ पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है ।
मिली जानकारी के अनुसार कलियर थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में 21 अगस्त को परवेज पुत्र रियासत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी जिसका परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के ही शव को दफना दिया गया था। गांव में तरह-तरह की चर्चा होने के बाद परिजनों ने परवेज की हत्या का संदेह जताते हुए जिलाधिकारी की अनुमति से शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया था। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परवेज के पिता रियासत की तहरीर पर परवेज की पत्नी शबाना और दो तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परवेज के पिता ने तहरीर में बताया कि परवेज की शादी पिछले वर्ष थाना लक्सर के संघिपुर में हुई थी । तभी से परवेज का पत्नी से लड़ाई झगड़ा होता रहता था।
रियासत ने बताया कि उसकी पत्नी के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध थे। उसे कई बार समझाया गया, लेकिन वो नहीं मानी। उसके बाद भी वह किसी अन्य युवक से बातें करती रही । 21 अगस्त की रात को परवेज की पत्नी शबाना ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर गला दबाकर मार दिया। परवेज मकान के ऊपर के कमरे में रहता था । सुबह को उसकी पत्नी शबाना ने परिजनों को आकर बताया कि उसका बेटा मरा पड़ा है। उसके गले पर चोट के निशान थे । शबाना के परिजनों ने परिवार को गुमराह कर शव को आनन फानन में दफना दिया था। उसके बाद रियासत के परिवार को इस घटना का पता चला तो शव को कब्र से निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष रमेश तनवार का कहना है कि पोस्टमार्टम के आधार पर उसकी पत्नी शबाना और अन्य दो तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।