युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। युवक के चाचा की ओर से तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। तीनों युवक के साथ खरीदारी के लिए सहारनपुर गए थे। बाद में युवक के घर के बाहर शव छोड़कर तीनों फरार हो गए थे।
झबरेड़ा क्षेत्र के खरक गांव निवासी अंकुर (24) अपने तीन साथियों के साथ खरीदारी करने ट्रैक्टर ट्राली से नागल सहारनपुर गया था। देर रात उसका शव घर के बाहर छोड़कर साथी फरार हो गए। इस दौरान पूछताछ में उन्होंने दुर्घटना में मौत की बात कही थी, लेकिन बाद में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक को जगह-जगह काफी चोट लगने की पुष्टि हुई है। युवक के चाचा विनोद की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों में बालेश और उसका भाई कालू तथा टिंकू निवासी खरक थाना झबरेड़ा शामिल है। झबरेड़ा थाना प्रभारी विक्रम सिंह रावत का कहना है कि युवक के चाचा की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी दोस्तों की तलाश की जा रही है।