लालकुर्ती क्षेत्र के बनिया बाजार में तमंचा लेकर घूम रहे हत्या के मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रुड़की कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार रात सूचना मिली थी कि लालकुर्ती के बनिया बाजार में गोल भट्टा निवासी शिवा संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना में आशंका जताई गई थी कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकता है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पुलिस ने शिवा को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दूसरे पक्ष से उसे अपनी जान का खतरा बना रहता है। इसी वजह से वह सुरक्षा के लिए तमंचा लेकर घूम रहा था। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।