प्रस्ताव को हरी झंडी देने के लिए बोर्ड से लेनी होगी स्वीकृति
56 लाख की लागत से शहर में 80 वाटर कूलर किए जाएंगे स्थापित
रुड़की। नगर निगम 32 सीटर नगरीय बस सेवा एवं 5 बैटरी चालित कार का संचालन करेगा। 31 मार्च को होने वाली नगर निगम बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। इसके अलावा 56 लाख की लागत से 80 वाटर कूलर खरीदने समेत कई अन्य प्रस्तावों को बोर्ड में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।
बोर्ड बैठक में आने वाले प्रस्तावों में बिजली की खपत कम करने के उद्देश्य से निगम कार्यालय भवन पर सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना भी शामिल है। इसके अलावा पाड़ली गुर्जर क्षेत्र में निगम की भूमि पर आवासीय भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में चाव मंडी स्थित निगम भूमि पर कन्या इंटर कॉलेज स्थापित करने के अलावा अस्थायी फड़ व्यवसायियों के लिए रेलवे स्टेशन और कलियर बस अड्डे पर वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा सुनहरा में फायर स्टेशन के 4000 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा जाएगा, जहां अग्निशमन वाहनों के लिए गैराज और आवासीय भवन बनाए जाएंगे। बोर्ड बैठक में 250 से अधिक प्रस्तावों में शामिल 1000 से अधिक कार्यों पर चर्चा होगी।
-
लाइटों की मरम्मत पर 28 लाख का बजट, मंगर उठते रहे हैं सवाल
- बोर्ड बैठक में शहर में लगी 3500 लाइटों को ठीक करने के लिए प्रति लाइट मरम्मत का खर्च 800 रुपये बताया गया है, इसमें 28 लाख रुपये खर्च किए जाने की अनुमति मांगी गई है, जबकि शहर में खराब लाइटें शायद ही कभी ठीक होती है, मरम्मत के नाम पर पैसों की बंदरबांट करने के आरोप बोर्ड बैठक में लगते रहे हैं, ऐसे में देखना होगा कि इस प्रस्ताव को पार्षद हरी झंडी देते है या नहीं।
-
एक बार फिर डबल आर्म पोल पर खर्च होंगे 20 लाख
- करीब चार साल पहले गणेशपुर पुल से रामपुर चुंगी तक लगी डबल आर्म पोल लाइटें गुणवत्ता को लेकर विवादों में रही है, उस करीब एक करोड़ की लागत से यें लाइट लगी थी, अब इनमें से खराब हो चुकी 72 वाट की 400 लाइट की प्रति लाइट 3000 रुपये के हिसाब से 20 लाख में खरीद की जाएगी। ऐसे में निगम में सबसे ज्यादा फिजूलखर्ची लाइटों पर ही देखने को मिल रही है। पार्षदाें का कहना है कि निगम को गुणवत्ता निर्धारित करने के लिए ठोस नीति अमल में लानी होगी।