खेत में बने कमरे का ताला तोड़ने की जानकारी पड़ोसी को देने से नाराज युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गांव के ही मान सिंह को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने लोहे की राॅड और बेल्ट से उसकी पिटाई कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक विपुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव निवासी मान सिंह ने शिकायत में बताया कि 12 जुलाई को वह अपने पड़ोसी विकास के खेत में आम लेने के लिए गया था। यहां उसने देखा कि गांव का आरोपी विपुल विकास के खेत में बने कमरे के ताले तोड़ रहा है। उसने इसकी जानकारी विकास को दी थी। इसके बाद से विपुल उनसे रंजिश रख रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था।
15 जुलाई को वह बाइक से लक्सर आ रहा था। इस दौरान खड़ंजा गांव के पास आरोपी विपुल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे बाइक से गिरा दिया और लोहे की राॅड व बेल्ट से उसकी पिटाई की। आरोप है कि विपुल ने उसके सिर से तमंचा सटा दिया लेकिन लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। परिजन उसे अस्पताल लेकर आए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना की जांच की जा रही है।