गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में एक महिला को ससुराल पक्ष ने पिटाई कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी एक युवती की शादी तीन वर्ष पूर्व रामपुर गांव निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही महिला के कोई संतान नहीं हुई। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। महिला ने बताया कि ससुराल के लोग उसके पति की दूसरी शादी कराने की कोशिश कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो रविवार को उसकी सास ने उसकी पिटाई की और घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।