क्षेत्र में बंदरों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बुग्गावाला निवासी 65 वर्षीय सोना देवी पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सोना देवी अपने घर के बाहर किसी कार्य से निकली थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों के एक झुंड ने उनपर हमला कर दिया। बंदरों से बचने के प्रयास में वह गिर गईं और उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में बंदरों के आतंक के कारण भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।