रुड़की। संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर शुरू किए गए ग्राम उदय से भारत उदय तक कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के साथ ही संपन्न हो गया। मोदी के भाषण को सुनने के लिए ग्रामीण काफी उत्सुक नजर आए। जिससे कहीं टीवी तो कहीं एलसीडी एवं एलईडी पर मोदी का भाषण सुना गया। कई जगह तो पंचायत घरों पर मोबाइल फोन पर लाइव प्रसारण सुनाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर ग्राम पंचायतों में बाबा साहेब के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया था। इसके बाद ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम के तहत हर दिन पंचायतों में कृषि, स्वास्थ्य, विकास, समाज कल्याण, सिंचाई, बाल विकास, सहकारिता आदि विभागों पर गोष्ठियां आयोजित की गईं। जिनमें ग्रामीणों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई थीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अप्रैल को पंचायत भवनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण ग्रामीणों को सुनवाया गया। जिन पंचायतों में बिजली की व्यवस्था थी, वहां तो आराम से मोदी का भाषण सुनवा दिया गया, लेकिन जहां बिजली नहीं थी, वहां की पंचायतों में रेडियो, एफएम तथा मोबाइलों से ऑनलाइन भाषण ग्रामीणों को सुनवाया गया। वहीं पंचायतों में आयोजित पीएम के भाषण के कार्यक्रम का स्वयं सीडीओ सोनी ने जिलेभर भर में घूमकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खुद बेलड़ा तथा बाजूहेड़ी गांव में बैठकर कुछ देर पीएम का भाषण सुना।
वही लंढौरा ग्राम पंचायत गाधारोणा के पंचायत घर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण ग्रामीणों को सुनवाया गया। यहां ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश घिल्डियाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर बीडीओ मनविंदर कौर, ग्राम प्रधान नीरज, सुरेंद्र, अजब सिंह, श्यामवती, राधिका, लोकेश, ध्यानसिंह, शांति, संजू, शकुंतला आदि मौजूद रहे। इसके अलावा मोहनपुरा मोहम्मदपुर में भी ग्राम प्रधान सतेंद्र प्रकाश की देखरेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण ग्रामीणों को सुनवाया गया। इस मौके पर राजेंद्रपाल, चंद्रपाल, अवनीश, बसंत, प्रदीप, पुष्पा बिष्ट, रेखा, आमिर, संजीव, मुकेशपाल, पप्पू गुर्जर आदि मौजूद रहे। चुड़ियाला ग्राम पंचायत में भी ग्राम प्रधान रेखा की ओर से प्रधानमंत्री का भाषण सुनवाने के लिए व्यवस्था की गई। जिससे ग्राम पंचायत भवन पर ग्रामीणों ने मोदी का भाषण सुना।
14 अप्रैल से शुरू किए गए ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। रविवार को समापन मौके पर प्रधानमंत्री जी का भाषण भी सभी जगह पर सुना गया। चाहे वह पंचायतों में बिजली नहीं होने के कारण ग्राम प्रधानों के घरों पर या फिर मोबाइल और रेडियो आदि से सुना गया हो, यह 11 दिवसीय कार्यक्रम से पंचायतों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
सोनिका, सीडीओ, हरिद्वार