रुड़की। गर्भवती महिला और बच्चों के परिजन यदि टीका लगाना भूल भी जाएं तो परेशान होने की जरूरत नहीं। अब आपके मोबाइल पर सही समय पर कॉल आएगी और इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा नवजात को दिया जाने वाले पोषाहार के बारे में भी बताया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनएचआरएम) के किलकारी कार्यक्रम के तहत यह व्यवस्था शुरू की जा रही। इसके लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों का डाटा तैयार करेंगी।
किलकारियां कार्यक्रम के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यत्रियां संयुक्त रुप से डोर-डोर जाकर गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों के बारे में विस्तार से जानकारी जुटाएंगी। ऐसी महिलाओं का मोबाइल नंबर लिया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मी इस पूरी डिटेल को मोबाइल नंबर सहित रजिस्टर में दर्ज करेंगे। इसके बाद इस मोबाइल नंबर को डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा चाइल्ड ट्रेकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा। यह सभी जानकारी पोर्टल पर अपलोड होगी। इसके बाद गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर पोषाहार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कब कौन सा टीका लगना है। इसकी भी जानकारी दी जाएगी। इसी तरह से छोटे बच्चों की माताओं के पास फोन आएगा। जिसमें बच्चे के पोषाहार और उसको लगने वाले टीकों की जानकारी दी जाएगी। आशा और आंगनबाड़ी हर माह सूचनाओं को अपडेट करती रहेंगी। ताकि यदि किसी गर्भवती महिला या फिर किसी बच्चे को टीका लगना छूट गया हो तो उन्हें दोबारा से इसकी जानकारी दी जा सके।
-------
नाम के साथ आएगी कॉल
गर्भवती महिलाओं को आने वाली कॉल वैसे तो रिकार्डिंग वाली कॉल होगी। लेकिन इस कॉल में महिला को नाम से संबोधित करते हुए उन्हें टीके और पोषाहार की जानकारी दी जाएगी। इसी प्रकार से बच्चे की मां को भी कॉल आएगी। उसमें बच्चे का नाम बोला जाएगा। उसको लगने वाले टीके और पोषाहार के बारे में जानकारी दी जाएगी।
-----------
किलाकारियां कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। एएनएम, आशाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने इस संबंध में कार्य करना शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम के कारण गर्भवती महिलाएं समय पर टीका लगवा सकेंगी। साथ ही उचित पोषाहार लेंगी। इसी प्रकार से बच्चे को भी समय-समय पर टीके लग सकेंगे।
- आरके गुप्ता, अरबन हेल्थ ऑफिसर, एनआरएचएम, रुड़की।