मंडल रेल प्रबंधक प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को रुड़की सहित अन्य स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों में लापरवाही पर जेई सिग्नल आरके शर्मा और ईएसएम सतपाल को निलंबित कर दिया। साथ ही रुड़की स्टेशन पर गंदगी और अव्यवस्था के लिए स्टेशन अधीक्षक से नाराजगी भी जताई।
शुक्रवार अनुसार सुबह 8.50 बजे स्पेशल ट्रेन से डीआरएम बलियाखेड़ी स्टेशन पहुंचे। स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद रिकार्डों की भी पड़ताल की। इसके बाद वे चुड़ियाला रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां स्टेशन परिसर का निरीक्षण करने के बाद वे रुड़की स्टेशन पहुंचे, जहां परिसर में किए गए सुंदरीकरण कार्यों का जायजा लिया।
परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा से पूछताछ की। सफाई के मानक और नियम पूछने पर स्टेशन अधीक्षक चकरा गए। प्लेटफार्म की तमाम लाइटें खराब होने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। कंपनी की ओर से लगाए गए डिस्पले बोर्ड की लाइटें भी नहीं जलने पर नाराजगी जताई।
इस पर इलेक्ट्रिक फोरमैन वीके गुप्ता ने सफाई दी कि बिल का भुगतान नहीं होने के कारण डिस्पले की लाइटें नहीं जल रही हैं। जल्द ही इसे सुचारु किया जाएगा। स्टेशन परिसर में वेंडरों के स्टालों पर बिक रही पानी की बोतलें सहित अन्य सामग्री की भी डीआरएम ने पड़ताल की।
सिग्नल संबंधी जानकारी नहीं दे पाने और कार्यों में लापरवाही बरतने पर उन्होंने अवर अभियंता आरके शर्मा को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही गेट नंबर-521 पर गड़बड़ी पाए जाने पर ईएसएम सतपाल को भी निलंबित करने के निर्देश दिए।
दोपहर करीब दो बजे डीआरएम रुड़की से लक्सर के लिए रवाना हो गए। इससे पहले टोडा खटका फाटक पर चल रहे रेलवे कार्यों का जायजा लिया। लक्सर में भी स्टेशन परिसर पर फैली गंदगी के लिए स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार से नाराजगी भी जताई। यही नहीं उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यहां से कहां जाना है सोच के बता दो।
इसके बाद स्टेशन पर पावर केबिन सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण कर करीब चार बजे वह मुरादाबाद के लिए प्रस्थान कर गए। इस मौके पर सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त आरसी जोशी, सीनियर मंडल अभियंता एपी गौतम, प्रवर मंडल अभियंता आरपी सिंह, प्रवर मंडल वाणिज्य पुष्पराज, यांत्रिक अभियंता वीके चड्ढा, मंडल परिचालन निरीक्षक एके कनेरिया, मंडल अवर अभियंता विनीत श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।