रुड़की। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के सरगना मुकेश सैनी को रिमांड पर लेकर एसआईटी उसे लेकर नारसन, रुड़की के कोचिंग सेंटर और सलेमपुर पहुंची। यहां आरोपी ने एसआईटी को कई मोबाइल, सिम और ब्लूटूथ समेत कई दस्तावेज बरामद कराए। टीम सैनी को बीएसएम इंटर कॉलेज में भी लेकर गई और छानबीन की। पुलिस अब बरामद मोबाइलों की जांच कराएगी।
मामला पकड़ में आने के बाद मंगलौर और पौड़ी में दो अलग-अलग केस दर्ज कराए गए थे। इस मामले में पुलिस ने नकल गिरोह के सरगना मुकेश सैनी समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा कराया था।
पुलिस इस मामले में मुकेश सैनी समेत 12 लोगों की अब तक गिरफ्तारी कर चुकी है। मुख्य सरगना मुकेश सैनी का पुलिस ने कोर्ट से रिमांड लिया था। मंगलवार को आरोपी की रिमांड मंजूर हो गई थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी से कई बिंदुओं पर पूछताछ की। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि मुकेश सैनी ने मोबाइल, सिम और ब्लूटूथ बरामद कराए हैं। इन मोबाइल और सिम की जांच कराई जाएगी।
--------------------
गिरोह के संपर्क में रहने वालों के भी नाम आए सामने
मुख्य सरगना मुुकेश सैनी ने पुलिस को रिमांड पर पूछताछ के दौरान गिरोह के संपर्क में रहने वाले कई लोगों के नाम भी बताए हैं। अब पुलिस इन लोगों की तलाश करेगी। बताया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क में कई अभ्यर्थी और कुछ सफेदपोश नेता भी थे। जिनसे उसने नकल कराने के लिए मोटी रकम ली थी।