विधायक प्रतिनिधि लिखी गाड़ी में सवार एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर जमकर दबंगई दिखाई। सांसद प्रतिनिधि ने अपने करीब 24 साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ और सेल्समैनों के साथ मारपीट की। पेट्रोल पंप स्वामी का आरोप है कि हमलावरों ने तीन लाख रुपये का कैश भी लूट लिया। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। विवाद पेट्रोल डलवाने को लेकर हुआ था।
यह घटना दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रामपुर गांव में क्वालिटी फ्यूल फिलिंग स्टेशन पर हुई। पेट्रोल पंप स्वामी शादाब अंसारी निवासी सती मोहल्ला ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे विधायक प्रतिनिधि लिखी एक वाहन में सवार व्यक्ति ने वाहन में 500 रुपये का पेट्रोल डलवाया। सइसके बाद वह चला गया। कुछ ही देर में ही वह गाड़ी फिर से आ गई। उसमें सवार युवक ने खुद को एक विधायक का प्रतिनिधि बताते हुए शिकायत की कि गाड़ी में पेट्रोल कम डाला गया है। इस बात को लेकर सेल्समैन और उसके बीच नोकझोंक हो गई। कुछ ही देर में उसने अपने 20-25 साथी बुला लिए। उन लोगों के हाथों में डंडे थे। उन्होंने आते ही सेल्समैन कादिर अली, अब्दुल, विनय एवं सिक्योरिटी गार्ड अब्दुला से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करते हुए ये लोग पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस आए और वहां भी जमकर तोडफ़ोड़ की। वहां रखे करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। मामले की जानकारी पाकर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की तहरीर अभी नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंप के सीसी कैमरे खराब
रुड़की। पेट्रोल पंप पर वैसे तो सीसी कैमरे लगे हैं, लेकिन कैमरे चालू हालत में न होने की वजह से पेट्रोल पंप पर जो कुछ आज हुआ वह रिकार्ड नहीं हो सका। पेट्रोल पंप के कैमरे चालू हालत में होते तो हमलावरों को चिह्नित करने में पुलिस को काफी मदद मिल सकती थी।